खरगोन शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम नागझिरी में स्थित संत बोंदर बाबा के समाधि स्थल पर भादौ नवमी के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया, जहाँ सुबह से देर शाम तक नागझिरी में भक्ति का माहौल बना रहा। सत्ता एक्सप्रेस के लिए सादिक शेख की रिपोर्ट के अनुसार, यह स्थान एक चमत्कारी संत के समाधि स्थल के रूप में प्रसिद्ध है।
इस स्थान की मुख्य मान्यता यह है कि यहाँ बेमौसम मिलने वाली कच्ची कैरी का प्रसाद ग्रहण करने से निःसंतान दंपत्तियों को संतान सुख की प्राप्ति होती है। इसी अगाध आस्था को लेकर शनिवार को सैकड़ों की संख्या में महिलाएँ बाबा के समाधि स्थल पर पहुँची। मन्नत लेने वाली महिलाएँ एक दिन पहले यानी शुक्रवार से ही मंदिर परिसर में पहुँचने लगी थीं। कोई आँगन में किलकारी गूँजने की आस लेकर तो कोई किलकारी गूँजने पर खुशी जताने के लिए संत बोंदर बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुँचा।
मेले के दौरान परिसर में भारी चहल-पहल देखने को मिली। हजारों की संख्या में पहुँचे लोगों ने झूलों का आनंद लिया, खेल-खिलौने खरीदे तथा विभिन्न प्रसाधन और खान-पान की दुकानों पर जमकर खरीदारी की। मेले में आई महिलाओं ने बताया कि वे बाबा के चमत्कार और महिमा को सुनकर समाधि स्थल पर पहुँची हैं और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि बाबा के यहाँ मिलने वाला प्रसाद ग्रहण करने के बाद उनके घर भी खुशियाँ आएँगी। इस मेले में खरगोन जिले के अलावा देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
0 टिप्पणियाँ