खरगोन जिले के नागझिरी स्थित जीवित संत बोंदुरु बाबा के समाधि स्थल पर गोगा नवमी के अवसर पर एक दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। आरती सेवा ट्रस्ट और ग्राम पंचायत के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में दूर-दूर से पहुँचे निस्संतान दंपतियों के लिए संत बोंदुरु बाबा का दरबार विशेष आस्था का केंद्र रहा।
सावन और भादों माह में कच्ची कैरी मिलना दुर्लभ माना जाता है, और ऐसी मान्यता है कि बाबा की कृपा से कच्ची कैरी का प्रसाद ग्रहण करने तथा गोद भराई की रस्म पूरी होने से दंपतियों को पुत्र-पुत्री रत्न की प्राप्ति होती है। इस वर्ष मेले में 666 निस्संतान दंपतियों ने गोद भराई की रस्म पूरी कर कच्ची कैरी का प्रसाद लिया, जिसमें महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुँचे दंपती शामिल रहे। इसके अलावा संतान प्राप्ति के बाद 116 लोगों ने बाबा के दरबार में अपनी मन्नत पूरी करते हुए बच्चों का तुलादान कराया।
मेले के दौरान आसपास के गाँवों व दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने मृदंग और नाच-गायन के साथ उत्साहपूर्वक झंडे के साथ प्रवेश किया। बोंदुरु बाबा भक्त मंडली की ओर से पोहे की स्टॉल लगाई गई, वहीं सांवरिया सेठ ग्रुप की ओर से सुबह से रात 8 बजे तक श्रद्धालुओं को हलवे की प्रसादी बांटी गई। मेले की व्यवस्थाओं में जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, सरपंच शंकर सिंह देवडे, सचिव राजेश कुशवाह, आरती सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष दीपक प्रजापत समेत समस्त बोंदुरु बाबा मंडली और पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा, जिससे मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ